आसमान से गुब्बारे के साथ उड़कर खेतों में गिरी डिवाइस, देखकर घबराए लोग

पुलिस ने माैके पर पहुंचकर डिवाइस को कब्जे में जांच में जुटी। जांच में पता चला कि मौसम विभाग ने मौसम की सटीक जानकारी का पता करने को लेकर देहरादून मौसम केंद्र से गुब्बारा उड़ाया गया था, लेकिन वह फट कर खेतों में गिर गया।
ग्रामीण प्रशांत जोशी ने बताया कि करीब 11 बजे वह अपने घर पर काम कर रहे थे। तभी अचानक आसमान से एक गुब्बारा नीचे खेतों की तरफ गिरता हुआ दिखाई दिया। पास जाने पर देखा तो उसमें एक डिवाइस लगी हुई थी।

सूचना मिलते ही डिवाइस को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने थाना घनसाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने इसकी जानकारी ली। मौसम केंद्र में कार्यरत ड्यूटी ऑफिसर अनुज जायसवाल ने बताया कि, यह एक हाइड्रोजन से भरा हुआ गुब्बारा होता है, जिसे हर दिन सुबह के समय देहरादून मौसम केंद्र से उड़ाया जाता है।

यह लगभग आसमान में 20 किमी की ऊंचाई पर जाता है। हवा में उड़कर लगभग 150 से 200 किमी की दूरी तय करता है। इस डिवाइस का काम मौसम का तापमान, हवा का दबाव और हवा की गति के बारे में जानकारी देना होता है। यह मौसम के बारे में बताने में मददगार होता है।
