सड़क सुरक्षा समिति बैठक: वाहनों की जांच और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाईयों के लिए पुलिस विभाग के लिए दो इंटरसेप्टर वाहन कराए जाएंगे उपलब्ध- डीएम मेहरबान सिंह
उत्तरकाशी (वीरेंद्र नेगी)- जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने सड़क सुरक्षा व सुगमता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़कों का सुधार किए जाने के साथ ही एहतियाती उपायों पर कारगर तरीके से अमल करने और नियमित रूप से प्रवर्तन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में वाहनों की जांच व प्रवर्तन संबंधी कार्रवाईयों के लिए पुलिस विभाग के लिए दो इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे और सड़कों से खराब वाहनों को हटाने तथा रेस्क्यू अभियानों में उपयोग के लिए लोक निर्माण विभाग को क्रेन उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला मुख्यालय पर आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सड़कों पर गति सीमा के निर्धारण तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को फिर से चिन्हीकरण करने हेतु लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन सहित सड़कों से संबंधित विभागों व नगर निकायों के साथ ही पुलिस तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों की समिति का गठन कर इस मामले में त्वरित व समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने भी सड़क सुरक्षा से संबंधित हिदायतों पर तत्परता से अमल किए जाने तथा प्रवर्तन की कार्रवाईयों पर अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत बताई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, सीमा सड़क संगठन के कमान अधिकारी मेजर सिद्धार्थ गौतम, उप जिलाधिकारी भटवाड़ी मुकेश चंद रमोला, अधिशासी अभियंता लोनिवि रजनीश सैनी, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई आशीष भट्ट, यातायात निरीक्षक राजेन्द्र नाथ उपस्थित रहे। जबकि उप जिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी पुरोला नवाजिश खलीक, अधिशासी अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता एनएच डिवजीवन मनोज रावत सहित अनेक अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।


