उत्तराखंडउधम सिंह नगर

दीपावली पर बिना अनुमति आतिशबाजी की दुकानों पर होगी सख्त कार्रवाई

दीपावली पर बिना अनुमति आतिशबाजी की दुकानों पर होगी सख्त कार्रवाई

 

 

 जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश — सुरक्षा मानकों का अनुपालन अनिवार्य

 

 

सितारगंज रूद्रपुर/(दीपक भारद्वाज )उधमसिंहनगर दीपावली पर्व के नज़दीक आते ही प्रशासन सजग मोड में आ गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में बिना अनुमति के लगाई जा रही आतिशबाजी की किसी भी दुकान को तत्काल बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही भारी हादसे का रूप ले सकती है। इसलिए आतिशबाजी की दुकानों के संचालन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि बिना सुरक्षा मानकों के पूरी किए गए अस्थायी पटाखा स्टॉलों से आगजनी की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जिससे जनहानि और संपत्ति का नुकसान हो सकता है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों व पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बाजारों, गलियों और मोहल्लों का गहन निरीक्षण करें और जहां भी बिना अनुमति पटाखों की बिक्री हो रही हो, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानों को बंद कराएं तथा आवश्यकतानुसार चालान की कार्यवाही भी करें।उन्होंने यह भी कहा कि आतिशबाजी की दुकान लगाने की अनुमति केवल उन्हीं व्यापारियों को दी जाएगी जो सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करेंगे, जिनमें अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त दूरी, सुरक्षित स्थान और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध शामिल हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाए ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, ओसी गौरव पांडेय सहित सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस दीपावली पर्व पर लापरवाही नहीं, बल्कि सुरक्षा और अनुशासन की रोशनी फैलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!