उत्तरकाशीउत्तराखंड

गंगोत्री NH 34 पर वीरपुर डुंडा मार्केट में ड्रेनेज व्यवस्था ध्वस्त: 3 साल से परेशान व्यापारी, BRO को पत्र लिखने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई 

गंगोत्री NH 34 पर वीरपुर डुंडा मार्केट में ड्रेनेज व्यवस्था ध्वस्त: 3 साल से परेशान व्यापारी, BRO को पत्र लिखने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई 

 

उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी)- उत्तराखंड में गंगोत्री धाम को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग NH 34 (पुराना NH 108) इन दिनों उत्तरकाशी के डुंडा ब्लॉक स्थित वीरपुर डुंडा बाजार के व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जहां मुख्य राजमार्ग सुचारु रूप से बना हुआ है, वहीं इसके किनारे बनी गंदे पानी और बरसात के पानी की निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

नालों में गंदगी, घास और अवरोध से दुकानों में घुस रहा पानी

राष्ट्रीय राजमार्ग NH 34 के ठीक अगल-बगल बनी इस मार्केट के व्यापारी पिछले तीन वर्षों से अव्यवस्थित ड्रेनेज के कारण परेशान और हताश हैं। व्यापारियों का आरोप है कि NH के किनारे बने छोटे नाले गंदगी और घास से भर चुके हैं, जबकि पुराने जितने भी नारदान (निकासी नाले) बने थे, वे सभी बंद हो चुके हैं।

इस गंभीर स्थिति के चलते मार्केट का सारा गंदा पानी दुकानों में जाने का मुख्य कारण बना हुआ है। स्थिति यह है कि निकासी नाले अब नालों के रूप में दिखाई भी नहीं देते। अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए व्यापारी बरसात के दौरान स्वयं ही नालियों की सफाई करने को मजबूर हैं ताकि पानी उनकी दुकानों के अंदर न जा सके।

BRO अधिकारियों को शिकायत, पर कार्रवाई शून्य

समस्या के समाधान के लिए, वीरपुर डुंडा के जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के सदस्यों ने 26 सितंबर 2024 को उत्तरकाशी में बीआरओ अधिकारियों को लिखित रूप में पत्र भी लिखा था। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को मौखिक रूप से भी समस्या की गंभीरता से अवगत कराया गया था।

हालांकि, व्यापारियों को शिकायत किए हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई कार्य होता नहीं दिखा है। समस्या कहाँ हो रही है, इस पर कोई भी संबंधित विभाग जिम्मेदारी लेने या स्थिति स्पष्ट करने को तैयार नहीं है।

अब कौन लेगा जिम्मेदारी ?

व्यापारी अब सवाल उठा रहे हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने इस गंभीर जल निकासी संकट की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या यह जिम्मेदारी स्वयं परेशान व्यापारियों की है, या फिर यह संबंधित विभाग का दायित्व है कि वह जल्द से जल्द ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त कर व्यापारियों को राहत प्रदान करे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!