उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी: धौंतरी में उमड़ा विज्ञान का उत्साह, छात्रों ने रॉकेट और टेस्ट ट्यूब बेबी के मॉडल किए प्रदर्शित

उत्तरकाशी: धौंतरी में उमड़ा विज्ञान का उत्साह, छात्रों ने रॉकेट और टेस्ट ट्यूब बेबी के मॉडल किए प्रदर्शित

उत्तरकाशी

राष्ट्रीय तकनीकी दिवस के अवसर पर पीएम कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी, उत्तरकाशी में विज्ञान एवं तकनीकी आधारित विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए विज्ञान और तकनीक पर आधारित आकर्षक एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल से जीवंत दिखाई दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सौरमंडल, मानव शरीर संरचना, प्लांट सेल, रॉकेट प्रक्षेपण, टेस्ट ट्यूब बेबी, ज्वालामुखी मॉडल सहित अनेक वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शित किए गए। छात्रों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान को सरल, रोचक और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। कई मॉडलों में स्थानीय संसाधनों एवं नवाचार का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य विषय आधारित गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने तकनीक, अनुसंधान एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ईशांत ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान प्रशांत बिष्ट को मिला। तृतीय स्थान हिमांशु एवं संदीप ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य शांति प्रसाद नौटियाल ने सभी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय तकनीकी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में पोखरण परमाणु परीक्षण के बाद भारत विश्व के सशक्त एवं तकनीकी रूप से समृद्ध देशों की श्रेणी में शामिल हुआ, जिसकी स्मृति में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय तकनीकी दिवस मनाया जाता है।

विज्ञान शिक्षक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय तकनीकी दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए विज्ञान एवं नवाचार को भविष्य निर्माण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर विद्यालय मासिक पत्रिका विज्ञान मण्डल का विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष रमेश सौंदाल ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *