18 नवंबर को जनपद में 87,685 बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा- जिलाधिकारी प्रशांत आर्य
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- जिलाधिकारी उत्तरकाशी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को जिला कार्यालय से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने दोनों अभियानों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 1,222 विद्यालयों एवं 1,031 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष तक के कुल 87,685 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 18 नवंबर को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित तिथि पर दवा लेने से छूटे बच्चों को 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज एवं नगर निकायों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पी एस पोखरियाल, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक एन एच एम हरदेव राणा, आरबीएसके प्रबंधक मनोज भट्ट सहित मुख्य शिक्षा अधिकारी, बाल विकास विभाग, निजी विद्यालय एसोसिएशन, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधियों, समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।


