जौनपुर महोत्सव में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, खेल प्रतियोगिताओं का किया शुभारंभ
बोले—अपनी संस्कृति, जमीन और परंपराओं को बचाना होगा, स्थानीय उत्पादों को दें बढ़ावा
नैनबाग (शिवांश कुंवर)। जौनपुर महोत्सव के दूसरे दिन राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम जनता से रूबरू होकर उनका हालचाल जाना।
संस्कृति और परंपराओं को बचाने पर दिया जोर
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाने के लिए लोगों को त्योहारों के अवसर पर अपने गांवों का रुख करना चाहिए। गांवों में खेत-खलिहानों और पारंपरिक आयोजनों में गीत-जागर के माध्यम से अपनी संस्कृति से जुड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विकास, आपसी संवाद और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का काम करते हैं।

महिला समूहों को स्थानीय उत्पादों से जोड़ने की अपील
हरीश रावत ने स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक उत्पादों से जोड़कर उनकी आर्थिकी मजबूत की जा सकती है। समाज को केवल नौकरी तलाशने वालों का नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वालों का समाज बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वेशभूषा, खान-पान और संस्कृति को पर्यटन से जोड़ा जाना चाहिए। बाहर से आने वाले पर्यटक स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक खान-पान में रुचि रखते हैं। ग्राम पंचायतों की बंजर भूमि पर नींबू सहित अन्य स्थानीय फसलों का उत्पादन कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
जमीन न बेचने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से अपनी जमीन को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की विरासत है। इसे बेचने के बजाय भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लेकर भी अपनी बात रखी और कर्मचारियों से समाज के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर एकजुटता की बात
हरीश रावत ने अंकिता भंडारी प्रकरण को राजनीतिक नजरिए से अलग हटकर देखने की बात कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमान और सम्मान के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
जौनपुर की खेल प्रतिभाओं की सराहना
पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार को क्षेत्र की अधूरी विकास योजनाओं और लंबित समस्याओं का संज्ञान लेकर उनका समाधान करना चाहिए। उन्होंने जौनपुर की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि नैनबाग और कैम्पटी जैसे मंचों से आपसी एकजुटता की सीख लेते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने की जरूरत है। पूर्वजों से मिली संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, शांति प्रसाद भट्ट, सुरेंद्र सिंह रावत, नितिन बोहरा, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह, आनंद बेलवाल, जयकृष्ण उनियाल, महिपाल सिंह रावत, चेतन प्रसाद, देवेंद्र प्रसाद चमोली, जिला पंचायत सदस्य सविता, सुनील थपलियाल, श्रीपाल सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा रौछैला, राजबाला, गीता प्रधान, संध्या, विजय गुसाईं, दिनेश रावत, गुरुदयाल सिंह रांगड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


