यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया 108वां स्थापना दिवस, 108 नई शाखाओं का किया उद्घाटन
देहरादून- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने मुंबई के बीकेसी स्थित जियो कन्वेंशन सेंटर में अपना 108वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में बैंक की उपलब्धियों, ग्राहक सेवा, डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय समावेशन और देश के आर्थिक विकास में योगदान पर प्रकाश डाला गया।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व सेबी अध्यक्ष एम. दामोदरन और विशिष्ट अतिथि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के अतिरिक्त सचिव डॉ. देबाशीष प्रुष्टि उपस्थित रहे। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पाण्डेय ने कहा कि बैंक कृषि, एमएसएमई, विनिर्माण और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों को ऋण उपलब्ध कराकर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर एम. दामोदरन ने देशभर में 108 नई शाखाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया। इनमें पूर्वोत्तर क्षेत्र की 25, सामान्य कारोबार की 51, युवा वर्ग की 16, स्टार्टअप की 9 और कृषि मूल्य श्रृंखला वित्तपोषण की 7 शाखाएं शामिल हैं। साथ ही डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए कई नई सेवाओं और उत्पादों की शुरुआत की गई।
डॉ. देबाशीष प्रुष्टि ने कहा कि यूनियन बैंक करीब 25 लाख करोड़ रुपये के कारोबार और 16 करोड़ से अधिक ग्राहकों के साथ देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने डिजिटल तकनीक, वित्तीय समावेशन और मजबूत बैंकिंग व्यवस्था पर जोर दिया।
स्थापना दिवस पर बैंक ने डिजिटल रुपये को बढ़ावा देने के लिए चलाए गए अभियान की जानकारी भी दी। इसके तहत 37.05 लाख सीबीडीसी लेन-देन हुए, जिनका कुल मूल्य 465.43 करोड़ रुपये रहा। वहीं, बैंक के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय रक्षा कोष में 11.17 करोड़ रुपये के बराबर अर्जित अवकाश का योगदान देकर देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।


