दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत जौनपुर ब्लॉक से 36 वरिष्ठ नागरिक जागेश्वर धाम यात्रा पर रवाना”
दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत जौनपुर ब्लॉक से 36 वरिष्ठ नागरिक जागेश्वर धाम यात्रा पर रवाना
नैनबाग- उत्तराखण्ड सरकार की महत्वपूर्ण योजना दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत आज नैनबाग क्षेत्र के ग्राम टटोर, जयद्वार मल्ला, मौगी, पंतवाड़ी, चिलामु, मैर, बाण्डासारी, टंडाण गांव, पाब, मुनोगी क्षेत्र के पंजीकृत 36 पुरूष वरिष्ठ नागरिकों को चार दिवसीय श्री जागेश्वर धाम की यात्रा पर भेजा गया है।
पर्यटन विभाग द्वारा तीर्थ यात्रियों की भोजन, आवास एवं गाईड की व्यवस्था गढवाल एवं कुमांऊ मण्डल विकास निगम के स्तर से करवाई गयी है। परिवहन व्यवस्था, परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई। यात्रा को क्षेत्र पंचायत सदस्य जयद्वार मल्ला मंजू पंवार, ग्राम प्रधान पाब सुरेश कैन्तुरा, पूर्व ग्राम प्रधान चिलामु रणवीर सिंह राणा और पूर्व ग्राम प्रधान जयद्वार मल्ला राम प्रसाद बिजल्वाण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी टिहरी सोबत सिंह राणा ने बताया कि इससे पूर्व एक यात्रा की बस प्रतापनगर ब्लॉक से, एक यात्रा की बस जाखणीधार ब्लॉक से तथा एक यात्रा की बस देवप्रयाग ब्लॉक से भेजी गयी है, और आगे भी अन्य ब्लॉकों से यात्रा की बसें भेजी जाएगी।
