अवैध पार्किंग और अभद्रता पर परिवहन विभाग का कड़ा प्रहार, 5 बसें सीज, ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा
अवैध पार्किंग और अभद्रता पर परिवहन विभाग का कड़ा प्रहार, 5 बसें सीज, ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा
देहरादून- देहरादून के परेड ग्राउंड एवं उसके आसपास अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून डॉ. अनीता चमोला ने परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और लैंसडाउन चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग की इंटरसेप्टर टीम और बाइक स्क्वायड मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खड़ी 05 बसों को मौके से हटाकर रेंजर्स ग्राउंड में सीज कर दिया गया। संबंधित वाहनों के स्वामियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों को आरटीओ कार्यालय बुलाकर निर्देश दिए गए कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। साथ ही भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसी दौरान एक टाटा मैजिक वाहन चालक को नो-पार्किंग जोन से सवारियां भरते हुए पाया गया। टीम द्वारा प्रपत्र दिखाने के लिए रोके जाने पर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद वाहन को सीज कर दिया गया। चालक को लाइसेंस सहित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि क्षेत्र में वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था पूर्व से निर्धारित है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर 08 वाहनों के चालान भी किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आरटीओ ने बताया कि शिमला बाईपास पर परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत द्वारा चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने प्रवर्तन अधिकारियों से अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। संबंधित चालक के लाइसेंस के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
