जनपद की पहली परेड में कड़े तेवरों में दिखे एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने क्वार्टर गार्ड का जायजा लिया। बैरकों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए गार्ड कमांडर और उपस्थित पुलिसकर्मियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की लॉग बुक और रनिंग रजिस्टरों की जांच की गई। रजिस्टरों के अद्यावधिक न होने पर उपनिरीक्षक परिवहन शाखा को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के निरीक्षण में बैरकों और मैस की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया, जिस पर उन्होंने मैस में रिक्रूट आरक्षियों के लिए उच्च गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने और गोदाम में कच्चे राशन के सुव्यवस्थित भंडारण के निर्देश दिए।
बी0डी0एस0 शाखा के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध उपकरणों और आकस्मिक स्थिति में की जाने वाली कार्यवाही की जानकारी ली गई। संदिग्ध वस्तु या बम की सूचना पर थाना पुलिस और बम डिस्पोजल टीम के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सर्च अभियान के लिए संयुक्त प्रशिक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, पुलिस लाइन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
