एसआरएम इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया केन्द्रीय कारागार का भ्रमण
सितारगंज (दीपक भारद्वाज): एसआरएम.इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने केन्द्रीय कारागार, सितारगंज का शैक्षिक भ्रमण किया। इस अवसर का मुख्य उद्देश्य कारागार परिसर में वृक्षारोपण करना था। जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। साथ ही यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन अनुभव साबित हुआ, जिसमें उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से यह समझा कि आपराधिक न्याय प्रणाली की अंतिम कड़ी के रूप में कारागार किस प्रकार सुधारात्मक संस्था के रूप में कार्य कर रहा है।वरिष्ठ अधीक्षक अनुराग मलिक ने बच्चों को कारागार की कार्यप्रणाली से अवगत कराया तथा यह बताया कि यहाँ पर विभिन्न पुनर्वास और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों को समाज में पुनः समावेश के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी संदेश दिया कि जीवन में कभी भी नशे, नकारात्मक संगति या किसी भी प्रकार की आपराधिक प्रवृत्ति से दूर रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा माता-पिता और शिक्षकों के साथ पारदर्शी और स्वस्थ संवाद बनाए रखने पर भी बल दिया।विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरू सिंह अपने शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों का नेतृत्व कर रही थीं तथा उन्होंने इस दौरे को बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। कार्यक्रम में उप–जेलर प्यारे लाल आर्या, प्रधान मुख्य वार्डर रईस अहमद, एसपी सिंह, वार्डर अरविंद कुमार, नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।इस तरह का शैक्षिक भ्रमण न केवल विद्यार्थियों को समाज की वास्तविकताओं से परिचित कराता है, बल्कि उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित भी करता है।


