वर्दी में दृढ़ता और व्यवहार में अनुशासन की सीख देने मैदान में उतरे एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल
वर्दी में दृढ़ता और व्यवहार में अनुशासन की सीख देने मैदान में उतरे एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल
साप्ताहिक परेड़ के दौरान एसएसपी ने परखी जवानों की फिजिकल फिटनेस
देहरादून(अमित नौटियाल)– एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पुलिस लाइन में आयोजित शुक्रवार की परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को दौड़ाते हुए उनकी शारीरिक फिटनेस को परखा। साथ ही उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया।
परेड के दौरान एसएसपी ने घुड़सवार दस्ते का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दस्ते में मौजूद अश्वों के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही घुड़सवार दस्ते में तैनात कार्मिकों को अश्वों के खान-पान, रहन-सहन और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान कर्मचारियों के लिए तैयार किए गए अत्याधुनिक भोजनालय में सफाई व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने सफाई व्यवस्था को इसी प्रकार बनाए रखने तथा मैस में भोजन की गुणवत्ता को उच्च स्तर का रखने के निर्देश दिए। साथ ही साप्ताहिक चार्ट के अनुसार पुलिस कर्मियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा।
भ्रमण के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस जनकल्याण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्यों में लगी कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय बनाए रखते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता उच्च स्तर की रखने के निर्देश दिए।
