SDRF ने पुलिस जवानों को दिया आपदा-प्रबंधन, रेस्क्यू और बचाव का प्रशिक्षण
उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी)- आगामी चारधाम यात्रा को सरल, सुगम तथा सुरक्षित संचालन को लेकर उत्तरकाशी पुलिस लगातार तैयारियों में जुटी है। एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आगामी चारधाम यात्रा एवं मानसून सीजन के दौरान आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही, राहत और बचाव के लिए एसडीआरफ टीम ने पुलिस लाईन उत्तरकाशी में पुलिस जवानों को आपदा प्रबंधन, बचाव और रेस्क्यू से संबंधित प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण शिविर में SDRF टीम ने जवानों को आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटनाओं, विभिन्न प्रकार की दैवीय आपदाओं में त्वरित कार्यवाही, आपदा के दौरान स्थिति से निपटने के साथ ही आपदा प्रबंधन उपकरणों /खोज एवं बचाव के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी। आपदा के समय उपकरणों के प्रयोग, प्राथमिक उपचार, सी.पी.आर. एवं सेटेलाइट फोन के प्रशिक्षण के साथ लिफ्टिंग एंड मूविंग पैसेंट, रोप रेस्क्यू उपकरणों, स्टेचर बनाने की विधि, ब्लड कंट्रोल विधि का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
आपदा प्रबंधन के दौरान जरूरी सावधानियों, मौके की नजाकत (परिस्थिति की संवेदनशीलता) को समझकर, त्वरित निर्णय लेना, जोखिम को कम करने के लिए सटीक रणनीति, धैर्य, सुरक्षित स्थान की पहचान, रियल-टाइम डेटा का उपयोग और टीम वर्क की बेहद उपयोगी जानकारी दी।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया गया कि चारधाम यात्रा और आगामी मानसून सीजन के दौरान आपातकालीन स्थिति, दैवीय आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं के समय आपदा, जान-माल के जोखिम के न्यूनीकरण के लिए पुलिस लाईन और प्रत्येक थाना कोतवाली पर नियुक्त पुलिस अधिकारी व कर्मियों को आपदा-प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ जनता के वॉलेंटियर और आपदा स्वयंसेवियों को चुनकर उन्हें भी प्राथमिक उपचार, रेस्क्यू और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। चारधाम यात्रा का सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम संचालन करवाना हमारी प्राथमिकता है। तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जायेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं।
साथ ही SDRF टीम के मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी, आरक्षी शक्ति सिंह, पैरामेडिकल अभिषेक व्यास मौजूद रहे।
