अवैध अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ पुलिस का अभियान शुरू
उत्तरकाशी- चारधाम यात्रा प्रारम्भ होने में महज 2 सप्ताह का समय शेष है। एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यात्रा के सरल, सुगम और सुरक्षित संचालन को लेकर उत्तरकाशी पुलिस लगातार तैयारियों में जुटी है। चारधाम यात्रा के दौरान सदृढ़ और व्यवस्थित यातायात प्रबन्धन के लिए यातायात पुलिस उत्तरकाशी ने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में गंगोत्री यात्रा रूट के मुख्य पडाव उत्तरकाशी, ज्ञानसू, तांबाखानी, सब्जी मंडी,सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोड किनारे रखी भवन निर्माण सामग्री, अवैध अतिक्रमण और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों को लाउड स्पीकर के माध्यम से रोड पर अनावश्यक अतिक्रमण को हटाने की सख्त हिदायत के साथ वाहनों को निर्धारित पार्किग मे पार्क करने की चेतावनी दी गई है। सभी से सुचारु और व्यवस्थित यातायात प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है। जनपद उत्तरकाशी पर्यटन और चारधाम यात्रा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यात्रा के दौरान यमुनोत्री और गंगोत्री धाम पर प्रतिदिन भारी तादाद में श्रद्धालु यात्रा पर पहुँचते है। यात्रा रूट पर पड़ने वाले विभिन्न पड़ावों और कस्बों में अत्यधिक भीड़ और ट्रैफिक दबाव से कई बार जाम की स्थितियां बन जाती है, जिससे निजात पाने के लिए यातायात पुलिस ने नो पार्किंग तथा हाईवे पर अनावश्यक अतिक्रमण के विरुद्ध जल्द ही अभियान चलाया जायेगा। उत्तरकाशी सहित यात्रा रूट पर पड़ने वाले अन्य पड़ावों और कस्बों में यह अभियान चलाया जायेगा। सभी समय से रोड किनारे अवैध अतिक्रमण, भवन निर्माण सामग्री आदि को हटाकर व्यवस्थित यातायात और यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग करें। अन्यथा पुलिस रोड पर रखी भवन निर्माण सामग्री, अवैध अतिक्रमण व नो पार्किंग में खडे वाहनों के खिलाफ चालानी और क्रेन से कार्रवाई के साथ अन्य कड़े एक्शन लिए जायेंगे।
