गंगोत्री धाम यात्रा से पहले विभागों की खींचतान: जल संस्थान के बकाया बिल के चलते बंद हुए वाटर एटीएम
गंगोत्री धाम यात्रा से पहले विभागों की खींचतान: जल संस्थान के बकाया बिल के चलते बंद हुए वाटर एटीएम
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- चारधाम यात्रा के आगाज में अब महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं। प्रशासन एक ओर जहां गंगोत्री नेशनल हाईवे की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर पूरा करने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर गंगोत्री धाम में ही दो सरकारी विभागों की आपसी खींचतान ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी है। जल संस्थान द्वारा पिछले एक वर्ष से बिजली का बिल न भरने के कारण, विद्युत विभाग ने गंगोत्री धाम में लगे ‘वाटर एटीएम’ की बिजली आपूर्ति काट दी है।
विद्युत विभाग सख्त, भुगतान के बिना नहीं जुड़ेगी बिजली
उत्तरकाशी विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्शन) मनोज गुसाई ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। उन्होंने बताया, “जल संस्थान द्वारा पिछले एक वर्ष से बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ, तो मजबूरन जल एटीएम की बिजली काटनी पड़ी। बिल का भुगतान होने पर ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।
जल्द होगा समाधान- एई सुमन भंडारी
इस मामले पर जल संस्थान के एई सुमन भंडारी ने बताया कि वे मामले की गंभीरता को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगोत्री में लगे सभी जल एटीएम मशीनों की वर्तमान स्थिति की जांच की जा रही है। जो भी तकनीकी खामियां हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। विद्युत विभाग से भी इस संबंध में बातचीत चल रही है। हमारा प्रयास है कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाए और यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
एक तरफ जिला प्रशासन चारधाम यात्रा को लेकर अपनी पूरी मुस्तैदी दिखाने का दावा कर रहा है, वहीं विभागों के बीच का यह “नया घमासान” प्रशासन के दावों पर सवालिया निशान लगा रहा है। स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों का कहना है कि विभागों के आपसी विवाद का खामियाजा श्रद्धालुओं को नहीं भुगतना चाहिए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य करता है।
