एटीएम में जालसाजी कर रकम चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

एटीएम में जालसाजी कर रकम चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने किया मामले का खुलासा
देहरादून- डोईवाला थाना पुलिस ने एटीएम में जालसाजी कर रकम चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से पुलिस ने मास्टर चाबियां, एटीएम कार्ड और 2.70 लाख रुपए बरामद किए हैं। मामले का खुलासा एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने किया। एसएसपी के मुताबिक डोईवाला थाना पुलिस को सूचना तंत्र से जानकारी मिली कि दो कार जिनमें एक हरियाणा और दूसरी दिल्ली नंबर की है। उसमें कुछ लड़के हैं जो एटीएम में जालसाजी कर रुपयों की चोरी करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित वाहनों को डोईवाला डिग्री कॉलेज के पास चेकिंग के लिए रोक लिया। पूछताछ करने पर कार सवार चार युवकों ने खुद को एटीएम मशीन में नए तरीके से रकम चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य बताया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को कहा कि वह उत्तराखंड में घूमने के बहाने आकर गार्ड रहित एटीएम की पहले रेकी करते हैं और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। आरोपियों की पहचान अमित कुमार सुनील कुमार निवासी छपरा बिहार शिवम और हनी निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो और साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं जो अभी फरार हैं। जिनकी पहचान नवाब और सौरभ निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। इस बड़े खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम दिया है।
