नैनबाग में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
नैनबाग में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
नैनबाग (शिवांश कुंवर)
नैनबाग। नैनबाग में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिवस भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की आकर्षक झांकियां सजाई गईं तथा श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ जन्मोत्सव मनाया।
व्यास पीठ से राष्ट्रीय संत लवदास महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्म और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का प्रसंग आया, पूरा कथा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष गंभीर रावत, दिनेश तोमर, राजेश कैंतुरा, सुरेंद्र सेमवाल, सूरत कैंतुरा, गोपाल पंवार, मोहन लाल निराला, नवीन रावत, अरविन्द कंडारी, अर्जुन सिंह रावत, भरत राणा, विजय राणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे। कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजकों ने बताया कि कथा के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा।
