सुभाष रमोला लगातार दूसरी बार बने टिहरी जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष
सुभाष चंद रमोला ने अध्यक्ष और विनोद रावत ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन होने के चलते चुनाव अधिकारी एसएस कैंतुरा ने दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
लगातार दूसरी बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने से सहकारिता क्षेत्र में उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया गया है। उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारिता से जुड़े सदस्यों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। जौनपुर-जौनसारी बैंड और ढोल-दमाऊ की थाप पर कार्यकर्ताओं ने तांदी नृत्य किया। इसके बाद डीसीबी मुख्यालय से भाजपा कार्यालय तक विजयी जुलूस निकाला गया।
जिला सहकारी बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष सुभाष रमोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत का आभार जताते हुए कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत और प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ सहकारी संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार और बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों, ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी स्तर पर कार्य किया जाएगा।
सुभाष रमोला ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में बैंक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं का विस्तार करने और लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उनके निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, टिहरी के पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी, प्रतापनगर के पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि सुभाष रमोला के नेतृत्व में टिहरी जिला सहकारी बैंक विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
