उत्तरकाशी की बेटी प्रकृति नेगी का नागरिक अभिनंदन, पुलिस उपाधीक्षक पद पर हुआ चयन
उत्तरकाशी की बेटी प्रकृति नेगी का नागरिक अभिनंदन, पुलिस उपाधीक्षक पद पर हुआ चयन
विधायक, जिलाधिकारी और विभिन्न संगठनों ने किया सम्मानित, युवाओं से ली प्रेरणा लेने की अपील
उत्तरकाशी
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयनित होकर जनपद का नाम रोशन करने वाली उत्तरकाशी की बेटी प्रकृति नेगी का होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी व अनघा फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य नागरिक अभिनंदन व स्वागत किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में जिले की विभिन्न जानी-मानी हस्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रकृति की इस अभूतपूर्व सफलता को सराहा।
विधायक ने शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर दी बधाई.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रकृति नेगी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक चौहान ने कहा कि प्रकृति ने अपनी कड़ी मेहनत से उत्तरकाशी का मान बढ़ाया है। उन्होंने क्षेत्र के सभी युवा छात्र-छात्राओं से प्रकृति की इस सफलता से प्रेरणा लेने और जीवन में मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया.
प्रशासनिक अधिकारियों ने थपथपाई पीठ
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रकृति को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की ऐसी सफलताएं समाज को नई दिशा और ऊर्जा देती हैं।
विभिन्न संगठनों ने भी जताया आभार
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह मटूडा ने प्रकृति नेगी को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया और समारोह में पहुंचे समस्त संगठनों का आभार व्यक्त किया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान और अनघा फाउंडेशन के संरक्षक अजय पुरी ने भी प्रकृति को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
परिवार का भी हुआ सम्मान
इस गौरवशाली क्षण पर प्रकृति नेगी के माता-पिता, दादा-दादी और भाई-बहन को भी मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने पूरे परिवार को बधाई देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग के बिना ऐसी सफलता मुमकिन नहीं है।
इस नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्य रूप से सुभाष कुमाईं, सूरत राम नौटियाल, प्रेम सिंह पवार, दीपेंद्र पवार, मनोज रावत, पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शालिनी बियाल, एआरटीओ, विपिन नेगी, नत्थी सिंह रावत, उत्तम गोसाई, मेजर राजेंद्र सिंह जमनाल, शंभू सिंह पवार, अमेरिकन पुरी, मनीष राणा, मनीष पवार सहित विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
