ध्याणी मिलन समारोह लोक संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम: विजयपाल सजवाण
ध्याणी मिलन समारोह लोक संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम: विजयपाल सजवाण
बरसाली के गढ़ और बाड़ागड्डी के पोखरी गांव में आयोजित ध्याणी मिलन समारोह में पहुंचे पूर्व विधायक सजवाण व जिपं अध्यक्ष रमेश चौहान
भावनात्मक मिलन से गांवों का वातावरण स्नेह और अपनत्व से सराबोर
गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने बरसाली क्षेत्र के गढ़ गांव एवं बाड़ागड्डी क्षेत्र के पोखरी गांव में आयोजित ध्याणी मिलन समारोहों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की श्रद्धालु ध्याणियों (बेटियों) से भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि ध्याणी मिलन समारोह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह अपनी जड़ों, संस्कारों, पारिवारिक रिश्तों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि विवाह के पश्चात दूर-दराज़ क्षेत्रों में बस चुकी बेटियां जब वर्षों बाद अपने मायके की मिट्टी, अपने गांव और बचपन की स्मृतियों से पुनः जुड़ती हैं, तो यह क्षण पूरे गांव और समाज के लिए अत्यंत भावनात्मक एवं आनंददायक बन जाता है। बेटियों की उपस्थिति से गांवों का वातावरण स्नेह, अपनत्व और पारिवारिक भावनाओं से सराबोर हो उठता है।
“ध्याणी मिलन समारोह हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित एवं सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।”
— रमेश चौहान, अध्यक्ष (जिला पंचायत)
बाड़ागड्डी क्षेत्र के पोखरी गांव में आयोजित कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ध्याणी मिलन कार्यक्रमों का आयोजन बड़े प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ किया जा रहा है। ऐसे आयोजन न केवल बेटियों और उनके मायके के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी नई ऊर्जा देते हैं।
पूर्व विधायक सजवाण ने गढ़ एवं पोखरी गांव की सभी ध्याणियों को इस सुंदर पहल के लिए बधाई देते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रत्येक परिवार में सदैव प्रेम, सौहार्द, खुशहाली और संस्कारों की यह परंपरा निरंतर बनी रहेगी।
पोखरी गांव में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान के साथ ही निम्नलिखित लोग जिला पंचायत प्रतिनिधि देवेंद्र नाथ, अनिल रावत, राजेंद्र राणा ‘राजू’, क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर गुसाईं, शुभम मराठा, साजन कोहली,पूर्व सभासद बुद्धि सिंह राणा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकेंद्र थनवान, ग्राम प्रधान जितेन्द्र कैंतुरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा नेगी,युवा नेता मनीष रावत, कैप्टन लक्ष्मण सिंह नेगी, शिव सिंह कैंतुरा, शूरवीर नेगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु ध्याणियां एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।
