उत्तराखंडनैनबाग

सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज नैनबाग में पद्मश्री जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि

सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज नैनबाग में पद्मश्री जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि

 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- गर्मियों की छुट्टियों के उपरांत विद्यालय खुलने के पहले दिन सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज, नैनबाग में प्रार्थना सभा के दौरान महान निशानेबाज एवं पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पद्मश्री जसपाल राणा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की शान रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी असाधारण निशानेबाजी से भारत का गौरव बढ़ाया और अनेक स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम विश्वभर में रोशन किया। उनका जीवन अनुशासन, कड़ी मेहनत, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने यह सिद्ध किया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे प्राप्त करने का दृढ़ संकल्प हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनते। नैनबाग के ग्राम चीलामू उत्तराखंड की पावन धरती से निकलकर उन्होंने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बने। आज प्रत्येक छात्र-छात्रा को उनके जीवन से सीख लेते हुए शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रधानाचार्य ने आगे कहा कि महान व्यक्तित्व कभी केवल अपने परिवार या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बन जाते हैं। जसपाल राणा का संघर्ष, अनुशासन, देशप्रेम और उपलब्धियाँ सदैव युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी। विद्यालय परिवार उनके योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण करेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उनके आदर्शों पर चलने तथा शिक्षा, खेल और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!