उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का आगाज, विधायक सुरेश चौहान ने किया उद्घाटन
उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का आगाज, विधायक सुरेश चौहान ने किया उद्घाटन
उत्तरकाशी
उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जनपद उत्तरकाशी में ‘स्वास्थ्य सेवा सप्ताह’ का शानदार शुभारंभ किया गया है। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश चौहान एवं भटवाड़ी की ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के साथ ही आयोजित विशेष चिकित्सा शिविर में स्थानीय नागरिकों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निम्नलिखित सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की गईं,विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, स्त्री एवं प्रसूति रोग, तथा नेत्र रोग संबंधी विशेष परामर्श।
मुख, स्तन एवं गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ महिलाओं व किशोरियों में एनीमिया (खून की कमी) की जांच।उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (डायबिटीज) की जांच, आवश्यक चिकित्सकीय टेस्ट, नियमित टीकाकरण और मुफ्त दवाइयों का वितरण।शिविर में युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान भी किया।
”हमारा लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
4 जुलाई से 18 अगस्त तक चलेगा महाअभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि यह विशेष स्वास्थ्य सेवा सप्ताह 04 जुलाई से 18 अगस्त, 2026 तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। इस दौरान जिले केजिला चिकित्सालय,
उप जिला चिकित्सालय सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs),प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs)में निर्धारित रोस्टर (तिथियों) के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का आयोजन होगा, जिससे अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी बड़े डॉक्टरों का परामर्श मिल सके।
आशा और एएनएम घर-घर पहुंचा रहीं सूचना
ग्रामीणों को शिविरों का लाभ उठाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा हर गांव और तोक में शिविर की तिथि, स्थान और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी एडवांस में पहुंचाई जा रही है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर लोगों को जागरूक किया गया तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, विधायक सुरेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जनप्रतिनिधि किशोर भट्ट समेत स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
