उत्तरकाशी के प्रथम IAS अधिकारी स्व. चंद्र सिंह के निधन पर कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उत्तरकाशी के प्रथम IAS अधिकारी स्व. चंद्र सिंह के निधन पर कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा आज जिला कांग्रेस कार्यालय में जनपद के प्रथम पीसीएस (PCS) एवं प्रथम आईएएस (IAS) अधिकारी स्वर्गीय चंद्र सिंह के निधन पर एक शोक सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित समस्त कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि स्व. चंद्र सिंह सर्वोदयी विचारधारा के सच्चे संवाहक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा और उनके अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया।
”एक साधारण एवं आर्थिक रूप से सामान्य परिवार में जन्म लेने के बावजूद स्व. चंद्र सिंह ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त की और उत्तरकाशी जनपद के प्रथम पीसीएस व प्रथम आईएएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। उच्च प्रशासनिक पदों पर रहते हुए भी वे सदैव सरल, विनम्र और जनसरोकारों से जुड़े रहे तथा सर्वसमाज के हित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहे।”
प्रदीप सिंह रावत जिलाध्यक्ष
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि स्व. चंद्र सिंह का जीवन संघर्ष, सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का एक उत्कृष्ट व प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके द्वारा समाज और प्रशासन के क्षेत्र में दिए गए अभूतपूर्व योगदान को हमेशा आदरपूर्वक स्मरण किया जाएगा। उनका निधन जनपद के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में पूर्व जिलाध्यक्ष घनानन्द नौटियाल, मनीष राणा, कमल रावत, विपिन नौटियाल, कमल बहुगुणा, नैन सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह गुसाईं, पपेंद्र नेगी, मनोज पंवार, दिवाकर भट्ट, पवित्रा राणा, एकादशी, मधु रावत, बीना शाह, विक्रम रावत, आनंद पंवार (अधिवक्ता), सूर्यवल्लभ नौटियाल, कनकपाल परमार, उत्तम सिंह गुसाईं, जीतम सिंह रावत, सुरेन्द्र पाल, जयपाल चौहान, रमन कटैथ, भगवान चंद एवं सूरज रावत सहित भारी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
