उत्तराखंड

गरखेत में परिवहन विभाग की बैठक: मनमानी किराया वसूली पर कार्रवाई का आश्वासन, किराया सूची प्रदर्शित करने की उठी मांग

 

 

 

गरखेत में परिवहन विभाग की बैठक: मनमानी किराया वसूली पर कार्रवाई का आश्वासन, किराया सूची प्रदर्शित करने की उठी मांग

 

नैनबाग (शिवांश कुंवर): टिहरी परिवहन विभाग द्वारा गरखेत में सार्वजनिक वाहनों के किराए में बढ़ोतरी को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान क्षेत्र की जनता ने किराया बढ़ोतरी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर मनमाने तरीके से किराया वसूला जा रहा है। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग से सभी वाहनों में अधिकृत किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की, ताकि यात्रियों से निर्धारित दरों के अनुसार ही किराया लिया जा सके।

व्यापार मंडल गरखेत के अध्यक्ष संजय रावत ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी विभाग को शिकायत भेजी जा चुकी है। बैठक के दौरान भी उन्होंने लिखित रूप में अपनी शिकायत एवं मांग पत्र परिवहन विभाग को सौंपा।

इस पर परिवहन अधिकारी बृजमोहन रावत ने कहा कि यदि कोई वाहन संचालक निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि शिकायत मिलने पर प्रत्येक मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी वाहन स्वामी को किराया निर्धारण से संबंधित कोई आपत्ति, सुझाव या समस्या है, तो वह भी विभाग को लिखित रूप में अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।

बैठक के दौरान चमन दास, अध्यक्ष, मसूरी कमांडर जीप यूनियन, मसूरी ने स्पष्ट किया कि हाल ही में किराया बढ़ोतरी से संबंधित जो पत्र यूनियन के लेटरहेड पर प्रसारित हुआ था, वह यूनियन द्वारा जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा यूनियन के लेटरहेड का दुरुपयोग कर वह सूचना प्रसारित की गई है और उसका यूनियन से कोई संबंध नहीं है।

इस मौके पर बृजमोहन रावत (एओ), नरेंद्र मिया (एओ),संजय रावत (गरखेत व्यापार मंडल अध्यक्ष),सचिव सुशील, सुरेंद्र रावत प्रधान टकरना,अतुल गुसाईं,राजेंद्र रावत, कहन्या राणा,गुड़वीर पंवार, श्यामचंद सजवाण,चमन दास (मसूरी कमाडर जीप यूनियन अध्यक्ष), विपिन सिंह,रोहन, मोनिका कर्मचारीगण आदि ग्रमीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!