दूरस्थ नौगांव में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, पहले ही दिन 423 लोगों ने उठाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ.
दूरस्थ नौगांव में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, पहले ही दिन 423 लोगों ने उठाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ.
नौगांव
“सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के निर्देशन में जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में 16 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर का विधिवत उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य विजय बधानी द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं, क्योंकि अब उन्हें विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। प्रथम दिवस नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नाक, कान एवं गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, महिला चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र की सुविधा भी प्रदान की गई।
शिविर के प्रथम दिवस कुल 423 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 199 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 15 मरीजों की टीबी जांच, 39 मरीजों की प्रयोगशाला जांच, 19 मरीजों के एक्स-रे तथा 34 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। इसके अतिरिक्त 45 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी, डॉ. आस्था रावत, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. मोहित लवानिया, डॉ. हरदेव, डॉ. पूजा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी ने कहा कि “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ संचालित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को जनपद के अंतिम छोर तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
