उत्तरकाशी: तांबाखानी अस्थाई कूड़ा डंपिंग स्थल का स्वच्छता समिति ने किया स्थलीय निरीक्षण
उल्लेखनीय है कि सभासद वार्ड संख्या–02, अमरीकन पुरी द्वारा तांबाखानी कूड़ा निस्तारण की गंभीर समस्या को लेकर अप्रैल 2025 से निरंतर पत्राचार एवं नगरपालिका बोर्ड बैठकों में यह विषय प्रभावी रूप से उठाया जाता रहा है। उनके सतत प्रयासों एवं दबाव के परिणामस्वरूप ही नगरपालिका प्रशासन को स्वच्छता समिति के गठन की दिशा में ठोस कदम उठाने पड़े, जिससे कूड़ा निस्तारण कार्य की निगरानी एवं जवाबदेही की एक सशक्त व्यवस्था स्थापित हो सकी।
स्वच्छता समिति के गठन के पश्चात सभासद वार्ड संख्या–02, अमरीकन पुरी को इस महत्वपूर्ण समिति का सदस्य नामित किया गया, जबकि वार्ड संख्या–01 की सभासद सुषमा डंगवाल को समिति की दूसरी प्रमुख नामित सदस्य घोषित किया गया है। नियमानुसार नगरपालिका अध्यक्ष इस स्वच्छता समिति के अध्यक्ष होते हैं। समिति के गठन के बाद से ही तांबाखानी क्षेत्र में स्वच्छता कार्य की गति, स्थलीय निरीक्षण, मॉनिटरिंग एवं कार्य निष्पादन में स्पष्ट एवं सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि तांबाखानी डंपिंग जोन के दोनों सिरों पर कूड़ा निस्तारण कार्य निरंतर संचालित है। फ्रेश कूड़े के निस्तारण का कार्य एमएसटी (MST) फर्म द्वारा तथा लिगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य हाइड्रो फर्म द्वारा किया जा रहा है। स्वच्छता समिति द्वारा दोनों फर्मों को ट्रकों की संख्या तत्काल बढ़ाने, अतिरिक्त मशीनरी तैनात करने तथा आवश्यकतानुसार मेन-पावर में वृद्धि करने के कड़े निर्देश जारी किए गए।
समिति द्वारा विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि आगामी पौराणिक माघ मेला के प्रारंभ से पूर्व अधिकतम मात्रा में कूड़ा हटाया जाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि नगर क्षेत्र की स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन एवं जन-स्वास्थ्य पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि दिनांक 14 जनवरी तक कूड़ा निस्तारण कार्य संतोषजनक रूप से पूर्ण नहीं किया गया, तो सभासद वार्ड संख्या–02, अमरीकन पुरी द्वारा पूर्व में घोषित निर्णय के अनुसार वे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
नगरपालिका प्रशासन ने आश्वस्त किया कि इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु कूड़ा निस्तारण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा स्वच्छता समिति के माध्यम से कार्य की निरंतर, सख़्त एवं दैनिक निगरानी की जा रही है। नगरपालिका परिषद नगर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर नगरपालिका सभासद वार्ड 07 मनोज शाह, सभासद वार्ड 11 मनीष पंवार, अवर अभियंता सुशांत बिष्ट, सफाई निरीक्षक कुसुम राणा, अधिशासी अधिकारी शालनी चित्राण, टी.आई. जीत सिंह गुसाईं सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
