रुद्रप्रयाग : फाटा के पास ट्रक खाई में गिरा, दो लोगों की मौत
रुद्रप्रयाग : फाटा के पास ट्रक खाई में गिरा, दो लोगों की मौत
रुद्रप्रयाग के तरसाली फाटा के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही सोनप्रयाग से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। जिला पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। एसडीआरएफ टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक के जरिए 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर ट्रक के पास से दो लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान संजय राणा और मोहन के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
