उत्तराखंडचम्पावत

पाटी में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन, 253 मरीजों ने उठाया मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

पाटी में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन, 253 मरीजों ने उठाया मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

पाटी, चंपावत: स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पाटी में विशेष चिकित्सक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी और ज्येष्ठ प्रमुख खड़क सिंह मौजूद रहे। शिविर में क्षेत्र के कुल 253 मरीजों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।

शिविर में मरीजों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक्स-रे, रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच के साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की। इसके अलावा ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया मरीजों का परीक्षण

शिविर में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जनरल फिजिशियन ने 150, हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 80 और स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 23 मरीजों का परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त 60 लोगों की रक्त जांच की गई, जबकि 12 लोगों के टीबी एक्स-रे किए गए।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं जांच सुनिश्चित करना रहा।

ये अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद

शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय, फिजिशियन डॉ. रविंद्र बोहरा, बीपीएम अमर चंद, बीएलए रंजित मेहता, आशा फैसिलिटेटर गीता, मंजू, नीमा और जानकी, एएनएम पूजा नयाल और बबीता, नर्सिंग ऑफिसर मोहन खड़ायत और नेहा थापा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श मिलने से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!