पीएचसी बाराकोट में विशेष चिकित्सक शिविर, 156 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
पीएचसी बाराकोट में विशेष चिकित्सक शिविर, 156 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
बाराकोट, चंपावत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बाराकोट में विशेष चिकित्सक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान क्षेत्र के 156 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच की।
इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के अलावा ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं जांच सुनिश्चित करना रहा। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से क्षेत्रवासियों ने शिविर की सराहना की।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल, डॉ. कैलाश चंद्र, डॉ. रेखा, फार्मासिस्ट मनोज वर्मा, नर्सिंग ऑफिसर ललिता नगरकोटी, लैब टेक्नीशियन अनिता, बीपीएम संजय बोहरा, बीएलए जोगेंद्र सिंह थापा, दीपक जोशी, नवीन जोशी और सूरज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
