पीएचसी बाराकोट में विशेष चिकित्सक शिविर का समापन, 130 मरीजों को मिलीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाए
पीएचसी बाराकोट में विशेष चिकित्सक शिविर का समापन, 130 मरीजों को मिलीं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाए
बाराकोट, चंपावत। स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बाराकोट में आयोजित विशेष चिकित्सक शिविर का समापन हो गया। शिविर में क्षेत्र के 130 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न जांच सेवाएं भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच की। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और जांच सुनिश्चित करना है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल, डॉ. कैलाश चंद्र, डॉ. रेखा, फार्मासिस्ट मनोज वर्मा, नर्सिंग ऑफिसर ललिता नगरकोटी, लैब टेक्नीशियन अनिता, बीपीएम संजय बोहरा, बीएलए जोगेंद्र सिंह थापा, दीपक जोशी, नवीन जोशी और सूरज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
