टिहरी: मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन, अब 03 से 05 अगस्त तक होंगे ब्लॉक व नगर स्तर के ट्रायल
टिहरी: मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन, अब 03 से 05 अगस्त तक होंगे ब्लॉक व नगर स्तर के ट्रायल
टिहरी- जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम/योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में जनपद टिहरी गढ़वाल के 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन हेतु निर्धारित ट्रायल कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 14-17 वर्ष, 17-19 वर्ष, 19-21 वर्ष तथा 21-23 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक वर्ग से 25 बालक एवं 25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार जनपद से कुल 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों (100 बालक एवं 100 बालिका) का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को दो हजार रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति तथा खेल उपकरणों के लिए प्रतिवर्ष दस हजार रुपए की एकमुश्त सहायता प्रदान की जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि पूर्व में नगर पालिका स्तर पर 06 से 07 अगस्त, विकासखंड स्तर पर 11 से 13 अगस्त तथा जिला स्तरीय चयन ट्रायल 18 से 21 अगस्त, 2026 तक प्रस्तावित थे। किंतु खेल निदेशालय, उत्तराखंड, से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिला स्तरीय चयन ट्रायल 20 अगस्त, 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाने हैं। इसके दृष्टिगत चयन ट्रायल की तिथियों में संशोधन किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका एवं विकासखंड स्तर के चयन ट्रायल 03 से 05 अगस्त, 2026 तक संबंधित नगर पालिकाओं एवं विकासखंडों के निर्धारित आयोजन स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। जनपद स्तरीय चयन ट्रायल 10 से 12 अगस्त, 2026 तक श्री पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुनिकीरेती में आयोजित होंगे, जबकि 13 अगस्त, 2026 को आरक्षित दिवस रखा गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत केवल उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी तथा 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी ही पात्र होंगे। खिलाड़ियों की आयु की गणना 01 जुलाई, 2026 के आधार पर की जाएगी।
जिला स्तरीय चयन ट्रायल में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कराटे, जूडो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
