लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू, मरीजों को मिलेंगी मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं
लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू, मरीजों को मिलेंगी मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं
चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चम्पावत की ओर से ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के तहत उप जिला अस्पताल लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं के साथ विभिन्न जांच और उपचार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच के साथ ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है। गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि शिविर का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों के उन लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज और परामर्श मिल सके।
शिविर में सीएमएस डॉ. वीराज राठी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ, फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
