लोहाघाट में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर: दूसरे दिन 296 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
लोहाघाट में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर: दूसरे दिन 296 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
चम्पावत। स्वास्थ्य विभाग चम्पावत की ओर से “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के तहत उप जिला अस्पताल लोहाघाट में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में दूसरे दिन 296 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसका उद्देश्य दूरस्थ और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है, ताकि किसी भी मरीज को उपचार और परामर्श से वंचित न रहना पड़े।
शिविर में सीएमएस डॉ. वीराज राठी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञानप्रकाश शर्मा, फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण मिश्रा समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेवाएं दीं। सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
