हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मरोड़ा विद्यालय में पौधारोपण व जागरूकता कार्यक्रम
हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मरोड़ा विद्यालय में पौधारोपण व जागरूकता कार्यक्रम
थत्यूड/सकलाना- हरेला पर्व के अवसर पर सकलाना क्षेत्र के वन पंचायत मरोड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरोड़ा में वन विभाग की सकलाना रेंज और मझगांव बीट के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और वन अग्नि सुरक्षा विषय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें गौरव ने प्रथम, ईशानी ने द्वितीय और अमरेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद स्तर पर पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में वन बीट अधिकारी हीरा सिंह पंवार ने पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। वन सरपंच उनियाल गांव ने वनों को आग से बचाने और वन्यजीवों के संरक्षण को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल, ग्राम प्रधान सरोप सिंह और एडीओ जौनपुर हरीश नैटियाल ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
