भाजपा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित सदस्य बनीं बचना शर्मा
भाजपा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित सदस्य बनीं बचना शर्मा
देहरादून- भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार और मजबूती की दिशा में लाखामंडल निवासी बचना शर्मा को भाजपा किसान मोर्चा की विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। इससे पहले वह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के रूप में संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। यह दायित्व किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने उन्हें सौंपा।
नई जिम्मेदारी मिलने पर बचना शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में किसानों, महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और अंत्योदय की सोच को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने की सूचना पर लाखामंडल और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर और मिठाई बांटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि बचना शर्मा के संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से किसान मोर्चा को मजबूती मिलेगी। क्षेत्र की समस्याओं को सरकार और संगठन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। इस अवसर पर बचना शर्मा ने किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
