निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का एसपी कमलेश उपाध्याय ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का एसपी कमलेश उपाध्याय ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
उत्तरकाशी– पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने न्यू पुलिस लाइन लदाड़ी में निर्माणाधीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, फायर स्टेशन और पुलिस आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आधुनिक प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम, कार्यालय, अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों और रेस्क्यू उपकरणों की भी समीक्षा की। बरसात और संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी संसाधनों को 24×7 तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन और आवासीय परिसर की स्वच्छता एवं उपकरणों के नियमित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, फायर स्टेशन प्रभारी खजान सिंह चौहान सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और ठेकेदार मौजूद रहे।
