नाग पंचमी पर धनारी और टकनौर क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की धूम, पूर्व विधायक सजवाण ने लिया देव आशीर्वाद
नाग पंचमी पर धनारी और टकनौर क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की धूम, पूर्व विधायक सजवाण ने लिया देव आशीर्वाद
उत्तरकाशी
नाग पंचमी के पावन पर्व पर गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने धनारी एवं टकनौर पट्टी के विभिन्न गांवों में आयोजित नाग पंचमी महोत्सवों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने देव दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की मंगलकामना की।
पूर्व विधायक सजवाण ने सबसे पहले धनारी क्षेत्र के पंचाणगांव स्थित भगवान चन्दन नाग देवता के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मन्यारा धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि ऊंचाई पर स्थित यह दिव्य धाम हमारी गहरी देव आस्था, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ये पावन धाम सनातन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने पंचाणगांववासियों को इस वार्षिक धार्मिक आयोजन की बधाई दी।
इसके उपरांत पूर्व विधायक ने टकनौर क्षेत्र के बार्सू गांव में आयोजित नाग पंचमी देव महोत्सव में भाग लिया, जहां भगवान श्री बासुकी नाग देवता का दुग्धाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर यमुनोत्री क्षेत्र की गीठ पट्टी (राना गांव) से भगवान श्री समेश्वर देवता और पाला गांव से सर्पनाथ, नारायण तथा नरसिंह देवता की देव डोलियों का भव्य आगमन हुआ। देव डोलियों के इस पावन संगम और दिव्य मिलन ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया।
सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड की देव संस्कृति और देव डोलियों की परंपरा हमारी असली पहचान है, जो हमें जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने बार्सू गांव के ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए सभी देव शक्तियों से क्षेत्रवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
