एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की रणनीति का असर: रायपुर में वृद्धा के ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की रणनीति का असर: रायपुर में वृद्धा के ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा
घर में काम करने वाला नौकर गिरफ्तार
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
देहरादून (अमित नौटियाल) – रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के परिवार के यहां काम करने वाले विनीत कुमार को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला के चेहरे पर कड़े से वार किया और उसके चिल्लाने पर मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना 3 सितंबर की है। रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को 108 के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच में विनीत कुमार की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 15 वर्षों से बंसल परिवार को जानता था और उनकी बुक शॉप में हेल्पर का काम करता था। उसकी कुछ मजदूरी बकाया थी, जिसे लेकर वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी घर के पीछे के खुले दरवाजे से अंदर गया और रेखा बंसल से बकाया पैसे मांगे। विवाद बढ़ने पर उसने कड़े से उनके चेहरे पर वार किया। महिला के चिल्लाने पर आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। इसके बाद महिला की मौत होने पर आरोपी उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना में इस्तेमाल आरोपी का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5 हजार रुपये और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की ओर से 2500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है।
