उत्तरकाशी में गंगोत्री NH की बदहाली पर कांग्रेस आक्रामक, BRO और प्रशासन को घेरा
उत्तरकाशी में गंगोत्री NH की बदहाली पर कांग्रेस आक्रामक, BRO और प्रशासन को घेरा
उत्तरकाशी
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार, जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तरकाशी कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने गंगोरी पुल से लेकर ओपन टनल तक राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इस छोटे से दायरे में कुल 298 गड्ढे पाए गए, जो सड़क की खस्ताहाली की पोल खोल रहे हैं।
निरीक्षण के बाद जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि जनपद मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिला मुख्यालय से सटी मुख्य सड़क का यह हाल है, तो दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों की सड़कों की स्थिति कितनी भयावह होगी।
उन्होंने भाजपा सरकार और प्रशासन पर जनसमस्याओं के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से जारी इस बदहाली के कारण स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में इन अनगिनत गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन और संबंधित विभाग को स्पष्ट चेतावनी देते हुए दो सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अगले 14 दिनों के भीतर गंगोरी पुल से ओपन टनल तक सड़क के सभी गड्ढों को भरकर मरम्मत कार्य पूरा नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं अपने संसाधनों से श्रमदान कर गड्ढों को भरने का काम करेंगे। रावत ने दोहराया कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को केवल उठाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनहित में खुद सड़क पर उतरकर काम करेगी।
