इंद्र सूर्य ट्रस्ट ने आयोजित किया आपदा राहत कार्यक्रम
इंद्र सूर्य ट्रस्ट ने आयोजित किया आपदा राहत कार्यक्रम
देहरादून- इंद्र सूर्य ट्रस्ट ने डीएलएफ फाउंडेशन के सहयोग से रायपुर स्थित हिमालयन ओएसिस में आपदा राहत कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसून के दौरान प्रभावित और जरूरतमंद समुदायों तक सहायता पहुंचाना और उनके प्रति सहयोग की प्रतिबद्धता को मजबूत करना रहा।

उत्तराखंड में मानसून के दौरान भूस्खलन, सड़क मार्ग बाधित होने, घरों एवं संपत्तियों को नुकसान और आवश्यक सेवाओं में व्यवधान जैसी परिस्थितियां सामने आती हैं। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इंद्र सूर्य ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष राहत एवं मानवीय सहायता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट, एजुकेशनल काउंसलर एवं LEAP के संस्थापक अनुराग सिंघल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान इंद्र सूर्य ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष कर्नल अनिल थापा (सेवानिवृत्त) और उपाध्यक्ष मीनाक्षी थापा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में डॉ. बी.आर. अंबेडकर जन जागृति समिति के अध्यक्ष शिवदास और जिला पंचायत सदस्य ख्यार्सी वार्ड जौनपुर सविता देवी का भी सहयोग मिला। मीडिया प्रतिनिधि वीरेंद्र वर्मा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर पहल का समर्थन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग सिंघल ने इंद्र सूर्य ट्रस्ट के सामाजिक और मानवीय कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।
कर्नल अनिल थापा ने कहा कि आपदा राहत का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती बनी रहती है और ऐसे समय में समय पर मिलने वाली सहायता प्रभावित परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इंद्र सूर्य ट्रस्ट और डीएलएफ फाउंडेशन की ओर से आपदा राहत के साथ-साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी विभिन्न सामाजिक पहल संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित समुदायों तक पहुंच बनाकर उन्हें सहायता और सशक्तिकरण प्रदान करना है।
