सुभाष रमोला लगातार दूसरी बार निर्विरोध बने जिला सहकारी बैंक टिहरी के अध्यक्ष
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- उत्तराखंड के सहकारिता क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले सुभाष रमोला लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर क्षेत्रवासियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों और समर्थकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जौनपुर, टिहरी के एक छोटे से गांव से निकलकर सक्रिय राजनीति और सहकारिता के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले सुभाष रमोला ने टिहरी जिला सहकारी बैंक के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में बैंक ने जनपद तक सीमित पहचान से आगे बढ़ते हुए उत्तराखंड के सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। समर्थकों के अनुसार, रमोला की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और सहकारिता के प्रति प्रतिबद्धता के चलते उन्हें लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्वाचन को क्षेत्र में उनके प्रति विश्वास और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर शुभचिंतकों ने कहा कि रमोला ने ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए बैंक को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में टिहरी जिला सहकारी बैंक आने वाले समय में सहकारिता के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करेगा।
