उत्तरकाशीउत्तराखंड

विज्ञान के सवालों में दिखी प्रतिभा, इशांत ने जीता पहला स्थान

 

 

 

विज्ञान के सवालों में दिखी प्रतिभा, इशांत ने जीता पहला स्थान

 

डुंडा में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, 59 विद्यार्थियों ने आजमाया ज्ञान

 

उत्तरकाशी

राजकीय इंटर कॉलेज डुंडा में उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST), देहरादून के तत्वावधान में दूसरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 के विकासखंड स्तरीय चरण का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से आए 59 छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े कठिन और ज्ञानवर्धक सवालों के बीच अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और तार्किक सोच का परिचय दिया।

 

 

प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर और जूनियर दो वर्गों में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी विषयगत समझ का शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में पीएम कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी के इशांत ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि डुंडा की छवि नौटियाल ने द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज मालनाधार के सुमित उनियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त कर इशांत का चयन जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

 

वहीं जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मंजगांव की देशनवी भट्ट ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान झटका, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज डुंडा की छात्रा दूसरे स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग से देशनवी सहित चयनित विद्यार्थियों को भी जनपद स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस ब्लॉक स्तरीय आयोजन से कुल पांच विद्यार्थियों का चयन जनपद स्तर के लिए किया गया है।

 

 

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. गीतांजलि जोशी ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य मकसद विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना को विकसित करना है। उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चे विज्ञान को केवल एक विषय के रूप में न देखकर प्रयोग और रुचि के रूप में समझ पाते हैं।

 

 

प्रधानाचार्य एवं स्थल संयोजक निर्मल शाह ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे मंच बच्चों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भी इस अनुभव को बेहद रोचक बताया।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के रूप में ट्रॉफी और प्रतिभागिता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

 

इस अवसर पर सह संयोजक अनिल बिष्ट, मनोज जोशी, डॉ. आशीष सेमवाल, डॉ. राजेश जोशी, सौरभ परमार, डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल, विजय प्रकाश गौड़ और तिलोत्तमा राणा सहित कई शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!