एसएसपी श्वेता चौबे से मिले भाजपा पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश सजवाण,
एसएसपी श्वेता चौबे से मिले भाजपा पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश सजवाण,
कानून-व्यवस्था, यातायात, अग्निशमन व्यवस्था और बढ़ते नशे की रोकथाम को लेकर हुई चर्चा
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- भाजपा पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश सजवाण ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, अग्निशमन सेवाओं तथा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई।
मुलाकात के दौरान राजेश सजवाण ने क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अग्निशमन वाहन को थाना कैंपटी के अंतर्गत उपलब्ध/व्यवस्थित किए जाने की आवश्यकता पर चर्चा की, ताकि आसपास के क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के दौरान तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में आग की घटनाओं के दौरान समय पर अग्निशमन वाहन पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने पर भी जोर दिया गया।
राजेश सजवाण ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों को भी एसएसपी के समक्ष रखा।
एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
राजेश सजवाण ने कहा कि जनता की सुरक्षा, युवाओं को नशे से बचाना, बेहतर यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
