नैनबाग बाजार में आए दिन लग रहा जाम, पार्किंग की समस्या बनी मुख्य वजह
नैनबाग बाजार में आए दिन लग रहा जाम, पार्किंग की समस्या बनी मुख्य वजह
राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी, पुलिस प्रशासन को भी करनी पड़ रही मशक्कत
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहने से राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में वाहनों की बढ़ती आवाजाही के बीच पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन को भी लगातार मौके पर व्यवस्था संभालने और यातायात को सुचारु करने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार जाम के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ता है।

नैनबाग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश तोमर का कहना है कि नैनबाग बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होना जाम की प्रमुख वजहों में से एक है। उन्होंने कहा कि पार्किंग की समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को लिखित रूप में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि नैनबाग बाजार में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और राहगीरों, यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
