चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, एसपी ने यमुनोत्री धाम मार्ग का लिया जायजा
बड़कोट- बरसात के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने यात्रा मार्ग के भूस्खलन प्रभावित संवेदनशील स्थलों, पुलिस बैरियर, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर एसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग, घोड़ा-खच्चर पड़ाव और कुली एजेंसी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के साथ घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क और संवेदनशील रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान सीओ बड़कोट चंचल शर्मा, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, उपनिरीक्षक गीता, प्रभारी चौकी जानकीचट्टी राजेश कुमार, यातायात उपनिरीक्षक जितेन्द्र समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
