झाला में ‘Rural Stays Gangotri’ का शुभारंभ: ग्रीन होमस्टे पहल से हर्षिल वैली के ग्रामीण पर्यटन को मिलेगी नई दिशा.

 

झाला में ‘Rural Stays Gangotri’ का शुभारंभ: ग्रीन होमस्टे पहल से हर्षिल वैली के ग्रामीण पर्यटन को मिलेगी नई दिशा.

उत्तरकाशी / झाला

हर्षिल वैली क्षेत्र में पर्यावरण-अनुकूल और सतत ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। ग्राम झाला में Rural Stays गंगोत्री का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के सहयोग से Village Ways द्वारा संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समुदाय को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ते हुए युवाओं और महिलाओं के लिए आजीविका व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

 

 

इस पहल का मुख्य केंद्र उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा हाल ही में शुरू की गई ग्रीन होमस्टे योजना है। इसके अंतर्गत क्षेत्र के होमस्टे को पर्यावरण के अनुकूल मानकों पर विकसित किया जाएगा। योजना के तहत स्थानीय संसाधनों के बुद्धिमत्तापूर्ण उपयोग, प्रभावी कचरा प्रबंधन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा जैव विविधता के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

 

स्थानीय निवासियों की क्षमता निर्माण के उद्देश्य से Rural Stays के तहत युवाओं, महिलाओं और होमस्टे संचालकों को विविध विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें कचरा प्रबंधन, होमस्टे मैनेजमेंट, प्राथमिक उपचार विलेज गाइड ट्रेनिंग और स्थानीय हस्तशिल्प डिजाइन शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों से स्थानीय लोग पर्यटकों को गांव के पारंपरिक जीवन, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश का अनूठा अनुभव प्रदान करने में सक्षम होंगे।

 

 

कार्यक्रम के अवसर पर ग्राम प्रधान झाला, अभिषेक रौतेला ने UNDP और Village Ways की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, हर्षिल वैली जैसे पारिस्थितिकी रूप से संवेदनशील क्षेत्र में पर्यटन का विकास प्रकृति संरक्षण, स्थानीय संस्कृति और आजीविका के बीच संतुलन बनाकर ही किया जा सकता है। यह पहल हमारे युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

 

 

इस दौरान Village Ways की डायरेक्टर मनीषा पांडे, पंच मालगुजार कर्ण सिंह रौतेला, महिला मंगल दल अध्यक्ष शिवेंद्री देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष अभिराज रौतेला, भजन सिंह रावत, मदन सिंह रौतेला, सुशील रौतेला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!