सीआईएससीई नेशनल गेम्स में उत्तराखंड हॉकी टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान

सीआईएससीई नेशनल गेम्स में उत्तराखंड हॉकी टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान

टिहरी के चार खिलाड़ियों का टीम में हुआ चयन, ओमकारानंद स्कूल के छात्रों ने बढ़ाया जिले का मान

टिहरी

सीआईएससीई नेशनल गेम्स के तहत हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 22 सितंबर तक फील्ड मार्शल करियप्पा हॉकी स्टेडियम में किया। प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।

उत्तराखंड की टीम में टिहरी जिले से चार खिलाड़ियों का चयन हुआ था। इनमें अग्रिम डोभाल, सार्थक रागड़, चैतन्य जैन और श्रेयांश बिजल्वाण शामिल रहे। चारों खिलाड़ी ओमकारानंद स्कूल के छात्र हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है।

टीम की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र जोशी एवं जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन के चलते उत्तराखंड की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

वहीं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि से टिहरी जिले के खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार में उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!