आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा बहनों को किया सम्मानित

आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा बहनों को किया सम्मानित

देहरादून

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज प्राथमिक विद्यालय गाजियावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा लाभार्थी महिलाओं एवं किशोरियों को महालक्ष्मी किट, बेबी किट एवं पोषण किट वितरित किए। मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मिष्ठान भी वितरित किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को देश के साथ-साथ प्रदेशभर में सेवा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया है और मातृ शक्ति का सम्मान एवं सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास और संस्कार की प्राथमिक पाठशाला हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों की देखभाल, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि मां के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एक दूसरी मां के रूप में बच्चों की देखभाल और उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देती हैं।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमारी संस्कृति में कहा गया है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां सुख और समृद्धि का वास होता है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसी परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है, जब उस परिवार की माता स्वस्थ हो, बेटी शिक्षित हो और महिला आत्मनिर्भर एवं सशक्त हो। इसी भावना के साथ आज यहां हमारी लाभार्थी बहनों को महालक्ष्मी किट, बेबी किट और किशोरी बालिकाओं को पोषण किट प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक किट नहीं है। इसके पीछे एक भावना है, मां की चिंता, नवजात शिशु की देखभाल और हमारी किशोरी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण का संकल्प भी है।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं एवं सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया। इनका हुआ सम्मान – आंगनबाड़ी : मीनू धीमान, देवकी चमोला, शिल्पा, दीपमाला, पूनम अधिकारी। आशा कार्यकर्ता : सुनीता चौहान।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान पूनम रेगमी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, लक्ष्मण सिंह रावत, जितेंद्र राणा, संजय शर्मा, मंडल महामंत्री किरन, भोपाल सिंह चौहान, अवतार सिंह, माया राणा, समुंदर सिंह, केदार जोशी, सपना मल्ल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!