डामटा में सेवा संकल्प कार्यक्रम का द्वितीय दिवस सम्पन्न, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
डामटा/नौगांव (उत्तरकाशी): राजकीय प्राथमिक विद्यालय डामटा में सेवा संकल्प कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक श्री अनिल सिंह चौहान ने बतौर मुख्य वक्ता प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री चौहान ने ‘नारी सशक्तिकरण’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज को नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति हमेशा सहयोगपूर्ण और विश्वासपूर्ण रहना चाहिए, तभी सेवा संकल्प कार्यक्रम का उद्देश्य सफल होगा। वहीं ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ विषय पर बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने और बदलते दौर में महिलाओं की भूमिका पर भी जोर दिया गया।
एस.एम.सी. अध्यक्षा श्रीमती अनीता द्वारा महिला आरक्षण एवं महिला एवं बाल विकास में अभिभावकों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रुचिका द्वारा महिला एवं बच्चों के पोषण विषय पर चर्चा-परिचर्चा कर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने ‘भारत और उनकी भूमिका एवं परिकल्पना’ विषय पर चित्रकला के माध्यम से सुंदर चित्र बनाए। बच्चों की इस रचनात्मकता पर मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान द्वारा पारितोषिक देने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत सभी एस.एम.सी. सदस्यों, अभिभावकों एवं बच्चों को भोजन वितरित किया गया।
इस अवसर पर सविता, विनीता, बबीता, सुमन, शशिला, सुनीता सहित एसएमसी सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे।
